लखीमपुर खीरी। पुलिस ने शारदानगर थाना क्षेत्र में हुई मंगलसूत्र चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच महिला चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है, जिससे पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।
यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर विवेक कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में शारदानगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सक्रियता दिखाते हुए इस मामले का सफल अनावरण किया।
घटना 31 मार्च 2026 की है, जब कस्बा शारदानगर स्थित बालाजी मंदिर में पवन कुमार निवासी बरसोला कलां (थाना तिकुनियां) का मंगलसूत्र चोरी हो गया था। पीड़ित की तहरीर पर शारदानगर थाने में मुकदमा संख्या 78/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सुरागरसी करते हुए बालाजी मंदिर परिसर और निघासन-लखीमपुर मार्ग से पांच संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद इनकी पहचान शैलकुमारी, रेखा उर्फ संध्या, फुर्तीला उर्फ कमला देवी, रूबी और मोहिनी के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये महिलाएं संगठित तरीके से भीड़भाड़ वाले स्थानों, विशेषकर मंदिरों और बाजारों में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी करती थीं। इनके खिलाफ लखनऊ, सीतापुर और हरदोई जिलों में भी चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी अभियुक्ताओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बृजमोहन, उपनिरीक्षक इन्साफ अली, राजीव कुमार, मोनिका यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।


