प्रवीन कुमार, जिला संवाददाता
बकेवर (इटावा)। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत न्याय पंचायत स्तर पर कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं द्वारा एक भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना रहा।
रैली का शुभारंभ क्षेत्र के सभासद पुष्पेंद्र त्रिपाठी एवं समाजसेवी ऋषि शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की। इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित शिक्षकों में प्रधानाचार्य बलराज चतुर्वेदी, श्रीमती सुलेखा श्रीवास्तव, रजनीकांत, सुषमा दुबे, हरिशकांत, शिव सागर, बृजेश कुमार, नीरज पाल, चांदनी देवी, आरती देवी, अंजुम खान, जितेंद्र कुमार, साधना एवं नीरज कुमार सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान “स्कूल चलो अभियान” को सफल बनाने के लिए नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने तथा शिक्षा के प्रति जनमानस में सकारात्मक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही स्थानीय सामाजिक व्यक्तियों के साथ विचार-विमर्श कर अभियान को और प्रभावी बनाने की रणनीति भी तैयार की गई।


