31 C
Lucknow
Tuesday, March 31, 2026

कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से भिड़ीं बाइकें, छह युवक घायल, चार की हालत गंभीर

Must read

 

एटा

अलीगंज क्षेत्र में सोमवार देर शाम कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जसरथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विजेदेपुर गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के समीप कांवड़ लेकर कम्पिल गंगा घाट जल भरने जा रहे बाइक सवार कांवड़िए सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे में दो बाइकों पर सवार कुल छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जो सभी अलीगंज क्षेत्र के गांव महाराजपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों की पहचान नितेश (19) पुत्र अजय, आदित्य पुत्र अरविंद, पुनीत (18) पुत्र अवधेश, कन्हैया (14) पुत्र अवधेश, गौरव पुत्र राजेश और रजत पुत्र अवधेश के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक कई फीट दूर जा गिरे और कुछ खाई में जा लुढ़के।
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अलीगंज में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि दो घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घायल पुनीत ने बताया कि वे सभी कांवड़ लेकर कम्पिल गंगा घाट जल भरने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर की लाइट बंद थी, जिससे उन्हें ट्रैक्टर का अंदाजा नहीं लग सका और सीधी टक्कर हो गई। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसा निर्माणाधीन पुलिया के पास हुआ, जहां सड़क की स्थिति भी सामान्य नहीं थी, जिससे दुर्घटना की संभावना और बढ़ गई।
अलीगंज कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक जयवीर सिंह ने बताया कि सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं और रात के समय चलने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article