अमृतपुर/फर्रुखाबाद। जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ के गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज होते ही दबंगों द्वारा पीड़िता के साथ मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
बताया गया कि पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमीरपुर सोमवंशी निवासी अरुण सिंह पुत्र गया सिंह लंबे समय से उसकी नाबालिग पुत्रियों पर गलत नजर रखे हुए था और आए दिन अश्लील हरकतें व अभद्र टिप्पणियां करता था। लगातार हो रही इन हरकतों से तंग आकर जब पीड़िता ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया, तो आरोपी पक्ष बौखला गया।
मुकदमा दर्ज होते ही हमला, जान से मारने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद दबंगों ने उसके साथ मारपीट की और जानमाल की धमकी दी। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा गाटा संख्या 131 ब व 132 ख की तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया गया है। इस संबंध में पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि एक ओर बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ हो रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकारी जमीन पर कब्जा कर कानून को चुनौती दी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन सख्त, जांच के आदेश
उप जिलाधिकारी संजय सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए राजस्व टीम को मौके पर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया तो नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस को पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज होते ही दबंगों का कहर, पीड़िता से मारपीट—तालाब की जमीन कब्जाने का भी आरोप


