फिरोजाबाद। जिले की ग्राम पंचायत लढूपुर के घड़िया क्षेत्र में विकास कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है, जहां नाली निर्माण के नाम पर सड़क के बीच गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण के लिए बजट स्वीकृत होने के बावजूद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया और सिर्फ गड्ढा खोदकर खानापूर्ति कर दी गई। इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत की बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब इस लापरवाही की शिकायत की गई तो जिम्मेदारों ने मौके पर सही कार्य कराने के बजाय फर्जी रिपोर्ट लगाकर मामले का निस्तारण कर दिया। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बीच गड्ढा होने से आवागमन बाधित हो रहा है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद अब तक कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही अधूरे पड़े कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
विकास कार्यों में खेल: सड़क के बीच खोदा गड्ढा, प्रधान-सचिव की मिलीभगत के आरोप


