फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के उनवा अधारपुर में सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। युवक का शव एक निर्माणाधीन मकान में फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान अंकित उर्फ धनराज के रूप में हुई है, जो हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हसउपुर गांव निवासी भीखम सिंह का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, जब उनकी नजर युवक पर पड़ी तो वह फंदे से लटका हुआ था, जिसके बाद उसे नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के छोटे भाई अवनीश यादव ने बताया कि उन्हें फोन के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने अंकित को फंदे से लटका पाया। उन्होंने यह भी बताया कि 25 मार्च को ही घर में गृह प्रवेश कार्यक्रम हुआ था और अंकित दो दिन पहले ही नए घर में रहने आया था।
परिजनों के मुताबिक, अंकित की शादी अगले महीने अप्रैल में तय थी, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


