शाहजहांपुर। विकासखंड भावलखेड़ा की न्याय पंचायत चोढ़ेरा स्थित प्राथमिक विद्यालय चोढ़ेरा में वार्षिक उत्सव, नवारंभ उत्सव, पुस्तक वितरण एवं प्रगति फल वितरण दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, उपलब्धियों और शैक्षिक प्रगति को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी विनय कुमार मिश्रा रहे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान गीता देवी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुराधा अग्रवाल के नेतृत्व में शिक्षको विचित्र अग्निहोत्री, सरिता शर्मा, मनोरमा देवी, माधुरी पाठक व किरण ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में कक्षा 5 के मेधावी छात्र सोमदेव (पुत्र कामता प्रसाद) को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने मंच पर छात्र एवं उनके पिता को सम्मानित करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया। अंत में प्रधानाचार्या अनुराधा अग्रवाल ने अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


