शाहजहांपुर। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर 19 अप्रैल को निकलने वाली विराट परशुराम यात्रा को लेकर जिलेभर में उत्साह चरम पर है। गांव से लेकर शहर तक ब्राह्मण समाज एकजुटता के साथ तैयारियों में जुटा है। हर ओर “हर घर से एक ब्राह्मण” का नारा गूंज रहा है। परशुराम धाम विसरात घाट से शुरू होकर खिरनीबाग रामलीला मैदान तक पहुंचने वाली यह यात्रा अब सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एकता, स्वाभिमान और शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच बनती जा रही है। आयोजकों का दावा है कि इस बार यात्रा में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ेगी। खिरनीबाग, भावलखेड़ा, सल्लिया, दाऊदपुर, बसुलिया और भटपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बैठकों का दौर जारी है। गिरीश दीक्षित के आवास पर आयोजित बैठक में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ नेता हरिशरण बाजपेई ने कहा कि यह यात्रा समाज के सम्मान और अस्मिता का प्रतीक बनेगी। उन्होंने हर घर से एक व्यक्ति की भागीदारी का आह्वान किया। डॉ. विजय पाठक ने इसे सांस्कृतिक जागरण का माध्यम बताते हुए कहा कि आयोजन हमारी परंपरा और पहचान को मजबूत करेगा। अवधेश दीक्षित ने युवाओं से अनुशासन के साथ सक्रिय भागीदारी की अपील की। पूर्व एमएलसी संजय मिश्रा ने विश्वास जताया कि इस बार का जनसैलाब नई मिसाल कायम करेगा। यात्रा विसरात घाट से शुरू होकर खोया मंडी, चौक और सीता मठिया जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए खिरनीबाग रामलीला मैदान में समापन करेगी, जहां श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। तैयारियों में जितेंद्र नाथ तिवारी, सचिन पाठक, अक्षय तिवारी, श्रीदत्त शुक्ल, अशित पाठक, गौरव मिश्रा, डॉ. प्रदीप अवस्थी, अशोक मिश्रा, गिरीश दीक्षित और सत्यदेव त्रिपाठी समेत कई प्रमुख लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। शहर से गांव तक दिखाई दे रहा उत्साह इस बात का संकेत है कि 19 अप्रैल को शाहजहांपुर एक ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनेगा। परशुराम यात्रा अब आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और शक्ति प्रदर्शन का प्रतीक बन चुकी है।


