22 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

आचार संहिता उल्लंघन मामले में संजय सिंह की सुनवाई टली, अब 6 अप्रैल को होगी अगली तारीख

Must read

 

सुल्तानपुर
एमपी/एमएलए कोर्ट में आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह से जुड़े आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले की सुनवाई शनिवार को एक बार फिर टल गई। अधिवक्ता मदन सिंह के अनुसार, राम नवमी के अवकाश के चलते अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। अब कोर्ट ने इस मामले की अगली तारीख 6 अप्रैल निर्धारित की है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

इससे पहले भी 19 मार्च को मामले की सुनवाई गवाहों की अनुपस्थिति के कारण स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, 27 फरवरी को इस केस में अहम प्रगति हुई थी, जब एफआईआर लेखक अजीत कुमार ने अदालत में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया था। इस दौरान बचाव पक्ष के वकील द्वारा उनसे जिरह भी की गई। वहीं, जांच अधिकारी अनूप कुमार सिंह की मुख्य परीक्षा पहले ही पूरी हो चुकी है।

यह पूरा मामला वर्ष 2021 के त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन से जुड़ा है। आरोप है कि 13 अप्रैल 2021 को बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति सभा आयोजित की गई थी, जिसमें चुनाव नियमों का उल्लंघन हुआ।

पुलिस ने इस प्रकरण में संजय सिंह सहित 12 नामजद और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया। इस मामले में अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है, जबकि संजय सिंह के लगातार अनुपस्थित रहने पर कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट भी जारी किया था।

बाद में जुलाई 2024 में संजय सिंह ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें 20 हजार रुपये के दो जमानत मुचलकों और निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इससे पहले जून में विशेष कोर्ट ने आरोपियों की डिस्चार्ज अर्जी खारिज करते हुए आरोप तय कर दिए थे। अब आगामी सुनवाई में मामले की आगे की कार्यवाही महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article