24 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, कई किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख, मुआवजे की मांग तेज

Must read

फतेहपुर: जनपद के हथगाँव थाना क्षेत्र के अमिलिहापाल के मजरे लौदरा गांव में शनिवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगने की घटना सामने आई। इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में तीन गांवों के करीब छह किसानों की गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, लौदरा गांव के किसान उमाशंकर और रविशंकर की करीब 2-2 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं महरुपुर गांव के शिवपलटन, ज्ञान सिंह, रामकृपाल और सर्वेश की भी लगभग 2-2 बीघा फसल आग की चपेट में आ गई। इसके अलावा अमिलिहापाल निवासी रामशंकर की करीब डेढ़ बीघा फसल भी पूरी तरह नष्ट हो गई। इस घटना ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

बताया जा रहा है कि खेतों के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे निकली चिंगारी पकी खड़ी गेहूं की फसल पर गिर गई। उस समय तेज हवा चल रही थी, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई और कई खेत इसकी चपेट में आ गए। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग की लपटें उठती देख अमिलिहापाल, लौदरा, महरुपुर और चकभयहरनपुर गांवों के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। महिलाओं सहित ग्रामीणों ने बाल्टियों और डिब्बों से पानी डालकर तथा लाठी-डंडों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन पर्याप्त संसाधन न होने के कारण काफी फसल जलकर नष्ट हो गई।

घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस और छिवलहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्रीय लेखपाल ने भी मौके का निरीक्षण कर पीड़ित किसानों से जानकारी एकत्र की और रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें इस भारी नुकसान से कुछ राहत मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article