28 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

जिला जेल चौराहा पर छापेमारी: घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर प्रशासन सख्त, कई दुकानदारों पर कार्रवाई

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिला जेल चौराहा क्षेत्र में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। इस कार्रवाई में कई दुकानदार घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पकड़े गए, जिसके बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से सिलेंडरों को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया, जिसमें राजीव बाबू तथा इंस्पेक्टर नेहा गुप्ता भी मौजूद रहीं। टीम ने चौराहा स्थित ठेलों और मिठाई की दुकानों पर सघन जांच की। जांच के दौरान करीब सात स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में होता पाया गया, जो कि नियमों के विरुद्ध है।
छापेमारी के दौरान टीम ने सभी अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे सिलेंडरों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से ही अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर हटने लगे। प्रशासन की इस सख्ती को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ गई है।
डीएसओ सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए होते हैं, जबकि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अलग श्रेणी के सिलेंडर निर्धारित किए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि एक दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है, जबकि अन्य के मामलों की जांच जारी है।
इंस्पेक्टर नेहा गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी और अवैध कार्यों में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं घरेलू गैस का दुरुपयोग होता दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इस तरह की छापेमारी से नियमों का पालन सुनिश्चित होगा और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर भी रोक लगेगी। साथ ही इससे आम उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी, जिन्हें अक्सर सिलेंडर की कमी का सामना करना पड़ता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article