24 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

खूनी संघर्ष: बुजुर्ग समेत तीन की मौत, गांव में तनाव

Must read

 

हरदोई| जनपद के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम ढोलिया में दो परिवारों के बीच विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जिसमें एक बुजुर्ग और दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय देवी सहाय उर्फ भारत पांडेय खेती-किसानी करते थे और अपने परिवार के साथ गांव में रहते थे। वहीं गांव के ही सगे भाई शिवम और अमन भूसे का व्यापार करते थे। दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ समय से भूसे को लेकर विवाद चल रहा था, जो शुक्रवार शाम अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम गांव के प्राथमिक स्कूल के सामने शिवम ने कार से देवी सहाय को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद देवी सहाय के परिजन आरोपी पक्ष के घर शिकायत करने पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।

इस हिंसक झड़प में शिवम और उसका भाई अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही घटना में तीन लोगों की मौत से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, एसपी पश्चिमी एमपी सिंह, एसडीएम सदर एसके मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article