26 C
Lucknow
Thursday, March 26, 2026

पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर सख्त योगी सरकार, प्रदेश में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

Must read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य सरकार ने साफ किया है कि पूरे प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी जिले में कोई संकट नहीं है।
प्रदेश के खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने स्पष्ट किया कि सभी जिलों में मांग के अनुसार पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति व्यवस्था मजबूत है और तेल कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है।
सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अतिरिक्त ईंधन की खरीदारी न करें। प्रशासन के मुताबिक सोशल मीडिया पर कुछ भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं, जिनमें ईंधन संकट की झूठी खबरें दी जा रही हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश के सभी जिलों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की स्थिति पर लगातार नजर रखें और कहीं भी आपूर्ति बाधित न होने दें। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी तैयार रखी गई है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण करने से आपूर्ति तंत्र पर दबाव पड़ता है और इससे कृत्रिम संकट की स्थिति बन सकती है। इसलिए नागरिकों से संयम बरतने और सामान्य जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लेने की अपील की गई है।
लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य एवं एसआर फिलिंग स्टेशन (इंजीनियरिंग कॉलेज) के संचालक सर्वेश वाजपेई ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और प्रदेश में पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article