26 C
Lucknow
Thursday, March 26, 2026

भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से दो मजदूरों की मौत, तीन गंभीर घायल

Must read

 

संभल
आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही गांव के दो लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र में मोहम्मद गंज गांव के पास चंदौसी बाईपास फ्लाईओवर के निकट बुधवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक ट्रैक्टर-ट्रॉली को काफी दूर तक घसीटते हुए डिवाइडर पर चढ़ गया।

इस भीषण टक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे में बिचैटा गांव निवासी 45 वर्षीय हरपाल सिंह पुत्र रामलाल और गौरव पुत्र राजवीर की मौत हो गई। गौरव को घटना की रात ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी में मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि हरपाल सिंह ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

वहीं, इस दुर्घटना में तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें देवरखेड़ा निवासी सूरज (50), बिचैटा निवासी ओमपाल (25) और बहादुर (55) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

मृतकों के परिवारों पर इस हादसे ने गहरा आघात पहुंचाया है। हरपाल सिंह अपने पीछे पत्नी मीरा देवी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। वहीं गौरव अपने परिवार का इकलौता सहारा था। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article