26 C
Lucknow
Thursday, March 26, 2026

एटा में पेट्रोल, डीजल व घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

Must read

 

 

एटा। जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। प्रशासन ने कहा है कि जनपद में सभी प्रकार के ईंधन पदार्थ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और उनका सुरक्षित भंडार भी मौजूद है। ऐसे में आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की घबराहट या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एटा में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों पर नियमित रूप से सप्लाई जारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।
जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में कार्य कर रहा है। ईंधन पदार्थों की जमाखोरी, कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके लिए सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।
इसी क्रम में सदर उपजिलाधिकारी श्वेता सिंह ने पूर्ति विभाग की टीम के साथ फौजी गैस एजेंसी, सरदार गैस एजेंसी और दीपक गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एजेंसियों पर गैस सिलेंडरों का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में पाया गया और वितरण व्यवस्था भी संतोषजनक रही। वहीं जलेसर तहसील में उपजिलाधिकारी भावना विमल ने भी गैस एजेंसियों के गोदाम और कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्वयं भी विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पाया कि वाहनों के संचालन के लिए पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी उपलब्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की आपूर्ति बाधित नहीं है और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति ईंधन की कालाबाजारी करता हुआ या अफवाह फैलाता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि वे संयम बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
फिलहाल, एटा में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन की सतर्कता के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article