बाराबंकी। जनपद में एक शिक्षक को बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में अचानक दिल का दौरा पड़ने से हड़कंप मच गया। शिक्षक की पहचान धर्मराज के रूप में हुई है, जो किसी शिकायत के सिलसिले में अधिकारी से मिलने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह कार्यालय में ही गिर पड़े। घटना के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक धर्मराज ने पहले ही कुछ लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। उन्होंने सहायक अध्यापक और शिक्षामित्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए कई अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी थी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों पर दबाव बनाए जाने की भी बात कही थी।
इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा हो रही है और संबंधित शिकायतों की भी जांच की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल शिक्षक की हालत गंभीर बताई जा रही है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।


