लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने बयान में ‘पीडीए’ को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाइयों को “सोते-जागते केवल पीडीए ही दिखाई देता है और वही सुनाई देता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में हार की हताशा और आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता से बाहर होने के डर के कारण भाजपा नेता पीडीए का नाम सुनते ही घबराने लगे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों को पीडीए के साये से भी परहेज है, उन्हें इसका नाम लेने में भी दिक्कत होती होगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पीडीए से जुड़े वर्गों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं, उन्हें सार्वजनिक मंचों पर बोलने का अधिकार नहीं होना चाहिए।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में यह देखना होगा कि भाजपा के नेताओं को बड़े मंचों पर बोलने का मौका मिलता है या नहीं, या फिर उन्हें किनारे बैठाया जाता है।
उन्होंने अंत में कहा कि मन और वचन का गहरा संबंध होता है और जिनका मन खराब होता है, उनके शब्द भी वैसे ही होते हैं।


