–तहसील अधिकारियों को दिए निर्देश
शाहजहाँपुर/जलालाबाद। तहसील जलालाबाद में सोमवार को आयोजित तहसील दिवस में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश व अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तहसील सभागार में किया गया।तहसील दिवस में क्षेत्र से आए लोगों ने राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, विकास समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। अपर जिलाधिकारी रजनीश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने पुलिस से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का पारदर्शी और त्वरित निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए। तहसील दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर उनका शीघ्र समाधान करना है, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो सके। कार्यक्रम का समापन प्राप्त शिकायतों के नियमानुसार निस्तारण के आश्वासन के साथ किया गया।


