– बंद पड़े कैंसर और कार्डियोलॉजी अस्पताल शुरू कराने की मांग
कन्नौज। जनपद से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। तिर्वा विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैलाश राजपूत ने लखनऊ में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर क्षेत्र के बंद पड़े अस्पतालों का मुद्दा उठाया।
मुलाकात के दौरान विधायक ने विशेष रूप से कैंसर अस्पताल और कार्डियोलॉजी अस्पताल के लंबे समय से बंद पड़े होने की समस्या को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि इन दोनों अस्पतालों के शुरू न होने से क्षेत्र के मरीजों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है।
विधायक कैलाश राजपूत ने उपमुख्यमंत्री से मांग की कि दोनों अस्पतालों को जल्द से जल्द संचालित कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इस पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और दोनों अस्पतालों को शीघ्र शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
इस मुलाकात को क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


