22 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

‘ऑपरेशन दस्तक’ के तहत सफीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 संदिग्धों का सत्यापन, तीन पर केस दर्ज

Must read

उन्नाव
जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन दस्तक’ के तहत रविवार को सफीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान गौकशी से जुड़े मामलों में संलिप्त 15 व्यक्तियों को थाने बुलाकर उनका सत्यापन किया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में की गई, जिसमें सहायक पुलिस अधीक्षक संचित शर्मा और थाना प्रभारी सुब्रतनरायाण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों के साथ-साथ उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की भी गहन जांच की, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने सत्यापन के दौरान सभी संदिग्धों को सख्त चेतावनी दी कि यदि वे भविष्य में किसी भी अवैध गतिविधि, विशेषकर गौकशी जैसे संवेदनशील मामलों में संलिप्त पाए गए, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें कानून का पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

कार्रवाई के दौरान तीन व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत तत्काल प्रभाव से विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों की लगातार निगरानी की जा रही है, जो संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं या जिनका आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन दस्तक’ का मुख्य उद्देश्य अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर समय रहते उन पर नियंत्रण स्थापित करना है, ताकि अपराध की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इस अभियान के माध्यम से जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़े।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article