मुगलसराय: मुगलसराय (Mughalsarai) में मानसरोवर तालाब (pond) में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. मृतक की पहचान कसाब महाल, मुगलसराय निवासी 18 वर्षीय जाहिद के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ईद के त्योहार के बीच दो दिनों में डूबने से यह तीसरी मौत है, जिससे मातम छा गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित मानसरोवर तालाब की है। जहां एक लड़के के डूबने की जानकारी पुलिस को लोगों ने दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार अनिल कुमार पांडेय और आलू मिल चौकी इंचार्ज अनिल यादव भी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों की मदद से गोताखोरों को बुलाया गया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव तालाब से बाहर निकाला। उसके बाद पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में तालाब में डूबा। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ईद के त्योहार के बीच दो दिनों में डूबने से यह तीसरी मौत है, जिससे मातम छा गया है।


