मुकदमे वापस न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी, जांच का मिला आश्वासन
फर्रुखाबाद/लखनऊ: उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने फर्रुखाबाद में व्यापारियों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को लेकर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी “जीतू” के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री योगेंद्र सिंह, नगर अध्यक्ष लखनऊ अमरनाथ अग्रवाल तथा संजय सिंह सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान व्यापार मंडल ने फर्रुखाबाद में व्यापारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को अन्यायपूर्ण बताते हुए उन्हें निरस्त करने की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू सोनी ने कहा कि जब प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्त शासन की बात करती है, तब फर्रुखाबाद में एक दरोगा लक्ष्मण सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार से पीड़ित होकर व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव द्वारा शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकालकर विरोध दर्ज किया गया, लेकिन इसके बाद उनके और उनके साथियों पर अनावश्यक रूप से मुकदमे दर्ज कर दिए गए। उन्होंने इसे व्यापारियों के अधिकारों का दमन बताया।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो उत्तर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश का व्यापारी समाज इस मुद्दे पर एकजुट है और किसी भी कीमत पर व्यापारियों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने युवा प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव के समर्थन में कहा कि उन्होंने व्यापारियों के हित में आवाज उठाई है और इस संघर्ष में वह अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है। आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश भर से व्यापारी फर्रुखाबाद पहुंचकर व्यापक आंदोलन करेंगे।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की शीघ्र जांच कराई जाएगी और यदि कहीं गलत कार्रवाई पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


