– संयुक्त चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
फर्रुखाबाद।
जनपद में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लूट का एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक सिपाही भी फायरिंग में जख्मी हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से घायल बदमाश समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में एक ई-रिक्शा चालक से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसकी तलाश में पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी बीच सूचना मिली कि लूट के आरोपी ऊगरपुर नलकूप और मंदिर मार्ग के पास मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर कोतवाली मोहम्मदाबाद और थाना मऊदरवाजा पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बदमाश पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश उपेंद्र उर्फ रॉकी के पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। वहीं, बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में सिपाही दिग्विजय सिंह के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश उपेंद्र समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों घायलों को तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में आरोपी घायल हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस मुठभेड़: लूट का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, सिपाही भी जख्मी


