19 C
Lucknow
Friday, March 20, 2026

ईद और निकाह की तैयारी पर गैस की किल्लत ने डाला संकट

Must read

कानपुर। नरवल तहसील के सरसौल कस्बे में रसोई गैस की कमी ने घरों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को ईद मनाई जाएगी, लेकिन सिलेंडर की भारी किल्लत के कारण कई परिवार अपने त्योहार और निकाह की तैयारियां पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
नौगवा गौतम के निवासी मेंहदी हसन ने बताया कि वे बीस दिन से लगातार गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। इसी कारण उनके घर का चूल्हा ठंडा पड़ा है और ईद का त्योहार भी प्रभावित हुआ है।
इसी कस्बे के रहनस गांव के लाल बहादुर ने बताया कि उन्होंने पिछले छह महीने में केवल तीन सिलिंडर ही हासिल किए हैं। जब उन्होंने बुकिंग कराने की कोशिश की, तो पता चला कि सिलेंडर केवल चौदह मार्च तक की बुकिंग वालों को ही दिए जा रहे हैं। इससे लोग लाइन में खड़े होकर भी खाली हाथ लौट रहे हैं।
अब स्थिति और गंभीर हो गई है क्योंकि मेंहदी हसन की बेटी उमायरा का निकाह ईद के तीसरे दिन है, लेकिन सिलिंडर न मिलने के कारण न तो ईद का त्योहार मनाया जा सका और न ही निकाह की रसोई तैयार की जा सकी। परिवार के सभी सदस्य सिलिंडर के इंतजार में परेशान हैं।
स्थानीय लोग एजेंसी पर रिकॉर्ड में हेराफेरी और समय पर गैस न देने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल वादे करते हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलता। कई घरों में यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है और त्योहारों की खुशियों पर असर डाल रही है।
इस समस्या से निपटने के लिए नागरिकों का कहना है कि सरकार और एजेंसी को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि लोगों को उनके त्योहार और पारिवारिक कार्यक्रमों में कोई बाधा न आए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article