राहुल तिवारी
फिरोजाबाद/खैरगढ़: छोटे कस्बे से निकलकर अपनी आवाज के दम पर पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन खैरगढ़ की रहने वाली शिखा तिवारी ने यह कर दिखाया है। पेशे से प्राथमिक विद्यालय की अध्यापिका शिखा तिवारी आज अपनी गायकी के जरिए न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं।
जयनारायण तिवारी की पुत्री शिखा पिछले कई वर्षों से संगीत साधना में जुटी हैं। उनकी सुरीली आवाज और लगातार मेहनत ने उन्हें सोशल मीडिया पर खास पहचान दिलाई है। यूट्यूब समेत कई प्लेटफॉर्म पर उनके फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है और उनके गानों को लोगों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिखा तिवारी की सफलता खैरगढ़ जैसे कस्बे के लिए गर्व की बात है। एक ओर वह शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों का भविष्य संवार रही हैं, वहीं दूसरी ओर अपनी गायकी से युवाओं को अपने सपनों के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही हैं। शिखा तिवारी ने साबित कर दिया है कि अगर लगन और मेहनत हो तो छोटे शहरों से भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।


