लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस (Traffic police) पूरी तरह एक्शन मोड में है। कमता चौराहे पर चलाए गए विशेष अभियान में अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान न केवल छोटे वाहन बल्कि डग्गामार बसों पर भी शिकंजा कसते हुए उन्हें सीज किया गया। अभियान के दौरान अयोध्या रोड पर भी सख्ती देखने को मिली। यहां अर्टिगा गाड़ियां फुटकर सवारियां भरते हुए पकड़ी गईं, जो परमिट की शर्तों का खुला उल्लंघन कर रही थीं।
जांच में दस्तावेजों की अनियमितताएं सामने आने पर ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को सीज कर पक्की पार्किंग के लिए रवाना कर दिया। यह पूरी कार्रवाई टीआई विभूति खंड वेंकटेश्वर सिंह के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा की गई, जिसमें हमराह पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। मौके पर नियम तोड़ने वाले चालकों को सख्त चेतावनी दी गई , ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि शहर में जाम और अव्यवस्थित यातायात के पीछे डग्गामार वाहन और अवैध बस संचालन बड़ी वजह बन चुके हैं। ऐसे में इन पर सख्ती बेहद जरूरी है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
गौरतलब है कि अवैध सवारी भरने और बिना परमिट संचालन के चलते आए दिन शहर में जाम की समस्या बढ़ती जा रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में ट्रैफिक विभाग की यह कार्रवाई व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक मजबूत और जरूरी कदम मानी जा रही है।


