एजेंसी
अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच जो केंट के इस्तीफे ने अमेरिकी प्रशासन को बड़ा झटका दिया है। नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर के निदेशक पद से इस्तीफा देते हुए केंट ने साफ कहा कि वह ईरान के खिलाफ चल रही सैन्य कार्रवाई का समर्थन नहीं कर सकते और यह फैसला उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर लिया है।
जो केंट ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि ईरान से अमेरिका को कोई तत्काल या प्रत्यक्ष खतरा नहीं था, ऐसे में युद्ध की जरूरत नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सैन्य कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा के बजाय राजनीतिक दबाव और प्रभावशाली लॉबी के कारण शुरू की गई है, जिसमें इजराइल की भूमिका भी शामिल है।
केंट ने कहा कि मौजूदा हालात ऐसे नहीं थे कि युद्ध छेड़ा जाए और इस फैसले से अमेरिका की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह ऐसी नीति का समर्थन नहीं कर सकते जिसमें बिना स्पष्ट खतरे के सैन्य कार्रवाई की जाए।
जो केंट को हाल ही में अमेरिकी सीनेट ने इस पद के लिए मंजूरी दी थी। वह इससे पहले अमेरिकी सेना में ग्रीन बेरेट कमांडो रह चुके हैं और सेंट्रल इंटेलीजेंस एजेंसी (CIA) के साथ भी काम कर चुके हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन के दौरान इस तरह का इस्तीफा न केवल राजनीतिक दबाव बढ़ाएगा, बल्कि अमेरिका की ईरान नीति और अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक स्थिति पर भी नए सवाल खड़े करेगा।


