लखनऊ। सब-इंस्पेक्टर (एसआई ) भर्ती परीक्षा को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। राजधानी लखनऊ में एक युवक ने आत्मदाह की कोशिश कर हड़कंप मचा दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर निवासी दीपक शर्मा हजरतगंज क्षेत्र में एफआईआर दर्ज न होने से नाराज था। आरोप है कि इसी के चलते उसने विरोध स्वरूप आत्मदाह का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि दीपक शर्मा एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और खुद पर डीजल डाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत हिरासत में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
दीपक शर्मा का आरोप है कि एसआई भर्ती परीक्षा से जुड़े मामले में उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की जा रही थी। साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि ब्राह्मण समाज का अपमान किया जा रहा है, जिससे वह आक्रोशित था।
पुलिस के अनुसार, युवक से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर चल रहा विवाद और गरमा गया है।
एसआई भर्ती परीक्षा विवाद पर बवाल, आत्मदाह की कोशिश करने वाला युवक हिरासत में


