लखीमपुर खीरी। जिले के पलियाकलां क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सांप पकड़ने में माहिर एक युवक को नाग ने डस लिया, लेकिन उसने घबराने के बजाय उसी सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर लिया और सीधे अस्पताल पहुंच गया। जब उसने डॉक्टरों को बताया कि इसी नाग ने उसे डसा है और डिब्बा खोला गया तो अंदर सांप देखकर चिकित्सक भी चौंक गए। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार संपूर्णानगर क्षेत्र के सिंगाही खुर्द गांव निवासी हरस्वरूप सांप पकड़ने का काम करता है। सोमवार को मिल मार्ग स्थित एक घर में नाग का जोड़ा दिखाई देने से वहां रहने वाले लोग डर गए। सूचना मिलने पर हरस्वरूप मौके पर पहुंचा और सांप को पकड़ने की कोशिश करने लगा।
इसी दौरान नाग ने अचानक उसके हाथ में डस लिया। इसके बावजूद हरस्वरूप पीछे नहीं हटा और जोखिम उठाते हुए नाग को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद वह उसी डिब्बे में बंद सांप को लेकर पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गया और डॉक्टरों को पूरी घटना बताई।
अस्पताल में डिब्बे के अंदर जिंदा नाग देखकर चिकित्सक और अन्य लोग हैरान रह गए। डॉक्टरों ने तुरंत हरस्वरूप को भर्ती कर इलाज शुरू किया और एहतियात के तौर पर उसकी निगरानी की जा रही है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग को भी सूचित किया गया। इसके बाद विभाग की टीम मोटीवेटर नजरून निशा के साथ अस्पताल पहुंची और युवक से सांप को अपने कब्जे में लेने की बात कही।
शुरुआत में हरस्वरूप ने नाग देने से मना कर दिया, लेकिन बाद में अपने साथी प्रमोद के साथ उसने डिब्बे में बंद सांप को वन विभाग की टीम को सौंप दिया। टीम उसे लेकर दुधवा मुख्यालय चली गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह बिना अनुमति सांप पकड़ना खतरनाक है और दोबारा ऐसा करने पर कार्रवाई की जा सकती है।


