अमृतपुर/फर्रुखाबाद: अमृतपुर थाना क्षेत्र में आवारा पशुओं के कारण एक और सड़क हादसा हो गया। ग्राम तौफीक के सामने अचानक सड़क पर आवारा गायों के आ जाने से बाइक सवार दो युवक उनसे टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक फर्रुखाबाद से अमृतपुर की ओर बाइक से आ रहे थे। जैसे ही वे ग्राम तौफीक के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क पर कई आवारा गायें आ गईं। अचानक सामने आए पशुओं से बचने का मौका न मिलने पर उनकी बाइक सीधे गायों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर तक बेहोशी की हालत में पड़े रहे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।घायलों की पहचान महेंद्र सिंह पुत्र मुनईलाल व परमवीर उर्फ पत्थर सिंह पुत्र जदुनाथ निवासी खुशहाली नगला, थाना अमृतपुर के रूप में हुई है। दूसरे घायल युवक की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़वाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


