इटावा। शहर के यशोदा नगर स्थित कोकिला मैरिज होम में शनिवार रात एक शादी समारोह के दौरान युवती पर फब्तियां कसने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद समारोह में जमकर हंगामा और मारपीट हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और कुर्सियां तक फेंकी जाने लगीं। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे से शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार लाइनपार क्षेत्र के यशोदा नगर स्थित कोकिला मैरिज होम में शनिवार रात सुल्तानपुरा मोहल्ले के एक व्यक्ति की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इस समारोह में शामिल होने के लिए ख्यालीराम मड़ैया क्षेत्र के रहने वाले भाई-बहन भी दावत में पहुंचे थे। रात करीब 10 बजे दोनों भाई-बहन मैरिज होम के काउंटर पर टिक्की खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां खड़े कुछ युवकों ने युवती पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
युवती पर की गई टिप्पणी का जब उसके भाई ने विरोध किया तो आरोपित युवक उससे बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर भाई-बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान भाई को बचाने के प्रयास में बहन को भी चोटें आईं। इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।
विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोग भी एकत्रित हो गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान लात-घूंसे चलने के साथ ही कुर्सियां भी एक-दूसरे पर फेंकी गईं, जिससे दो कुर्सियां टूट गईं। लगभग एक घंटे तक मैरिज होम में हंगामा और तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिससे शादी समारोह का माहौल भी बिगड़ गया और कुछ देर के लिए कार्यक्रम प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात यशोदा नगर स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह के दौरान आपसी कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी कर रही है।


