एटा। जिले के अवागढ़ क्षेत्र में खेत पर लगे ट्यूबवेल से अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर मशीन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेने का मामला सामने आया है। घटना से किसान को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अवागढ़ क्षेत्र के ग्राम नगला नया निवासी दिनेश चन्द्र पुत्र वेदप्रकाश का नगला छईया रेलवे रोड के पास खेत है, जहां उन्होंने सिंचाई के लिए ट्यूबवेल लगा रखा है। ट्यूबवेल पर झटका मशीन, बैटरी, प्रेशर बॉल और प्रेशर घड़ी सहित अन्य जरूरी उपकरण रखे हुए थे, जिनका उपयोग खेतों की सिंचाई के लिए किया जाता था।
पीड़ित किसान के अनुसार 14 मार्च की दोपहर अज्ञात चोरों ने मौके पर पहुंचकर ट्यूबवेल का ताला तोड़ दिया और अंदर रखा कीमती सामान चोरी कर लिया। चोर बड़ी ही चालाकी से झटका मशीन, बैटरी, प्रेशर बॉल, प्रेशर घड़ी सहित अन्य उपकरण अपने साथ ले गए।
जब दिनेश चन्द्र खेत पर पहुंचे तो ट्यूबवेल का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो ट्यूबवेल पर रखा सारा सामान गायब था। चोरी की इस घटना से किसान को काफी नुकसान हुआ है और खेतों की सिंचाई का कार्य भी प्रभावित हो गया है।
पीड़ित किसान ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए तहरीर दी है और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।


