प्रदेश में नशे और किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी खूबसूरती उसकी गंगा-जमुनी तहज़ीब और मिली-जुली संस्कृति है।
उन्होंने कहा, “हमारे देश की यही खूबसूरती है कि हम एक-दूसरे के त्योहारों और खुशियों में शामिल होते हैं। ऐसी गंगा-जमुनी तहज़ीब और मिली-जुली संस्कृति दुनिया में कहीं देखने को नहीं मिलती।”
सपा प्रमुख ने इस दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे की तस्करी को लेकर गंभीर स्थिति बनती जा रही है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ट्रकों में छिपाकर उत्तर प्रदेश में गांजा लाया जा रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा, “जब प्रदेश में गांजा पकड़ा जा रहा है और नशे का कारोबार बढ़ रहा है, तो सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। लेकिन मुख्यमंत्री को होश ही नहीं है। जब गांजा आएगा तो आलू पर ध्यान कौन देगा।”
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि नशे की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करते हुए किसानों और आम जनता की समस्याओं पर भी प्राथमिकता से ध्यान दिया जाए।
गंगा-जमुनी तहज़ीब हमारी पहचान: अखिलेश यादव


