पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर जारी संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को चिंताजनक बना दिया है। पाकिस्तान का कहना है कि सीमा पर चल रहे उसके बड़े सैन्य अभियान में अब तक सैकड़ों अफगान तालिबान लड़ाके मारे जा चुके हैं।
पाकिस्तान सरकार ने रविवार को दावा किया कि सीमा पर जारी सैन्य कार्रवाई में अब तक 583 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 795 घायल हुए हैं। यह जानकारी पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर साझा की।
दरअसल पाकिस्तान ने 26 फरवरी को ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ नाम से बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया था। यह अभियान तब शुरू किया गया जब अफगान तालिबान ने सीमा के पास पाकिस्तान के 53 सैन्य ठिकानों पर हमले किए थे, जिसके बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई तेज कर दी।
सरकार के अनुसार इस सैन्य अभियान के दौरान पाकिस्तान की सेना ने तालिबान की 242 चौकियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके अलावा 38 चौकियों पर कब्जा करने के बाद उन्हें भी ध्वस्त कर दिया गया, ताकि भविष्य में उनका इस्तेमाल न किया जा सके।
पाकिस्तानी अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई में तालिबान के कई सैन्य उपकरण भी नष्ट कर दिए गए हैं। इनमें 213 टैंक, बख्तरबंद वाहन और तोपें शामिल हैं, जिन्हें सीमा क्षेत्रों में तैनात किया गया था।
इसके साथ ही पाकिस्तान की वायुसेना ने अफगानिस्तान के भीतर 64 स्थानों को हवाई हमलों के जरिए निशाना बनाया। इन हमलों का उद्देश्य कथित तौर पर तालिबान के ठिकानों और सैन्य बुनियादी ढांचे को कमजोर करना बताया गया है।
इस बीच सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को भी नाकाम करने का दावा किया है। अधिकारियों के अनुसार चमन सीमा क्षेत्र में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के तीन आतंकियों ने घुसपैठ करने की कोशिश की थी।
पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया, जबकि बाकी दो घायल हालत में भागने में सफल हो गए।
मारे गए आतंकी के पास से 4 से 5 आईईडी बम और सीमा की बाड़ काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल सीमा पार घुसपैठ और हमले की योजना के लिए किया जाना था।
इससे पहले शनिवार को भी पाकिस्तान ने उत्तरी वजीरिस्तान जिले में हवाई कार्रवाई करते हुए तालिबान की कई चौकियों को नष्ट करने का दावा किया था। पाकिस्तान की सेना का कहना है कि यह कार्रवाई सीमा पार से होने वाली आतंकी गतिविधियों के जवाब में की जा रही है।
पाकिस्तान सरकार ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ तब तक जारी रहेगा जब तक सीमा पार से होने वाली आतंकी गतिविधियों के खतरे को पूरी तरह समाप्त नहीं कर दिया जाता। वहीं बढ़ते तनाव के कारण क्षेत्र में स्थिति और अधिक संवेदनशील बनी हुई है।


