गोरखपुर। मुख्यमंत्री की मां को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी माहौल गर्म हो गया है। इस मामले में गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत निंदनीय बताया है।
रवि किशन ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में मां सर्वोच्च सम्मान की प्रतीक होती है। किसी भी व्यक्ति द्वारा मां के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना न केवल गलत है बल्कि समाज की मर्यादाओं के भी खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि एक मौलाना द्वारा की गई यह टिप्पणी अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी से यह भी समझ में आता है कि महिलाओं के प्रति उनकी मजहबी सोच क्या है।
गोरखपुर सांसद ने कहा कि देश की संस्कृति और परंपराएं हमेशा नारी और मातृत्व के सम्मान को सर्वोच्च स्थान देती हैं। इसलिए इस तरह की सोच को राष्ट्र कभी स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए और महिलाओं के सम्मान का विशेष ध्यान रखना चाहिए।


