कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों में होली पर्व के बाद मनाई जाने वाली पारंपरिक रंग पंचमी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी पंचमी तिथि पर भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान वराह और माता गंगा की भव्य शोभायात्रा नगर में निकाली जाएगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए नगर के विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठन तैयारियों में जुटे हुए हैं और जगह-जगह होर्डिंग, बैनर तथा स्वागत द्वार लगाए जा रहे हैं।
रंग पंचमी के अवसर पर भगवान वराह मंदिर से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भ्रमण करेगी। इस शोभायात्रा में भगवान वराह, माता गंगा और महाकवि संत तुलसीदास की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इसके अलावा पारंपरिक शिव बारात भी निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। शोभायात्रा के दौरान पूरे नगर में अबीर-गुलाल उड़ाया जाएगा और लोग होली की मस्ती में झूमते नजर आएंगे।
गंगा भक्त समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र भारद्वाज ने बताया कि इस वर्ष रंग पंचमी का आयोजन पहले से अधिक भव्य और आकर्षक ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केरल की प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा पार्टी भी इस आयोजन में शामिल होगी, जो पारंपरिक केरल नृत्य की प्रस्तुति देगी। यह प्रस्तुति इस बार के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मानी जा रही है।
उन्होंने बताया कि आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न गणमान्य अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथा वाचक देवकी नंदन ठाकुर, अलीगढ़ मंडल की आयुक्त संगीता सिंह, हाथरस की जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा रामवीर उपाध्याय, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, सदर विधायक देवेंद्र राजपूत सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल होंगे।
आयोजन समिति द्वारा नगर में कई स्थानों पर स्वागत द्वार और सजावट की व्यवस्था की जा रही है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों का भव्य स्वागत किया जा सके। समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे रंग पंचमी के इस पारंपरिक और धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।


