हरपालपुर। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए हरपालपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दी। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज के नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बे के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सघन गश्त की। त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। पूरे कस्बे की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि त्योहारों के दौरान भीड़ का लाभ उठाकर कुछ अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों पर नजर रखने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन से संवेदनशील स्थानों, छतों और तंग गलियों की भी जांच की गई, जहां सामान्य परिस्थितियों में पहुंच पाना कठिन होता है।
पुलिस ने पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर हुड़दंग करने, जबरन रंग डालने या किसी भी प्रकार की अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।


