कलान/जलालाबाद: 27 फरवरी 2026 को रिलीज प्रस्तावित फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। सोमवार को वीर अहीर निर्माण सेना संयुक्त मोर्चा, अखिल भारतीय युवा शक्ति संगठन और अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी जलालाबाद प्रभात राय को ज्ञापन सौंपकर फिल्म पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
संगठन पदाधिकारियों का आरोप है कि फिल्म के ट्रेलर, पोस्टर और सोशल मीडिया पर प्रसारित प्रचार सामग्री में यादव समाज की बेटी को आपत्तिजनक और गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उनका कहना है कि इस तरह का चित्रण सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा दे सकता है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न कर सकता है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो विभिन्न समुदायों के बीच शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। संगठनों ने मामले की गंभीरता से जांच कराने, आपत्तिजनक सामग्री तत्काल हटाने तथा आवश्यक होने पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप पोस्टर दिखाकर नारेबाजी भी की।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष पियूष यादव, ओवेंद्र यादव, अनुज यादव, सचिन यादव, प्रभात यादव, विवेक यादव, आमोद यादव, हरेंद्र यादव, गौरव यादव (प्रधान), वीरेंद्र यादव, बृजभान यादव, विपेंद्र यादव (विपिन भइया), मुदित सिंह यादव, अभिषेक यादव, अरविंद यादव (पूर्व प्रधान पलहरई) सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष पियूष यादव ने बताया कि उप जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


