19.8 C
Lucknow
Monday, February 23, 2026

बेटे की शादी की रस्म से लौट रहे परिवार की कार ट्रक में घुसी, मामा-भांजे की मौत

Must read

इटावा: थाना जसवंतनगर क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे परिवार को मातम में डुबो दिया। इटावा-आगरा हाईवे पर जौनई चौकी के पास तेज रफ्तार कार चालक को नींद का झोंका आने से आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं और एक मासूम सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार जनपद हमीरपुर के थाना सरीला क्षेत्र के इस्लामपुर गांव निवासी 62 वर्षीय चेतराम पुत्र देशराज परिवार सहित दिल्ली के पोचनपुर एक्सटेंशन में रहते थे। 20 फरवरी को छोटे बेटे राजेंद्र की शादी की रस्म दिल्ली में संपन्न हुई थी। इसके बाद 21 फरवरी को परिवार पैतृक गांव इस्लामपुर आया था, जहां रविवार को गांव के मंदिर में पारिवारिक पूजा-अर्चना की गई। रस्म पूरी करने के बाद पूरा परिवार रात में ही दिल्ली के लिए रवाना हो गया।

कार को चेतराम का भांजा सुखवासी पुत्र झांझीलाल निवासी नई दिल्ली (गोला डेयरी, थाना छाबला क्षेत्र) चला रहा था। सोमवार सुबह करीब तीन बजे जौनई चौकी क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के सामने कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। ट्रक कानपुर से चावल लेकर गुजरात जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर में बुरी तरह फंस गया। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रतिघंटा थी, जिससे चालक और आगे बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे में चेतराम और सुखवासी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन कार का अगला हिस्सा ट्रक में फंसा होने के कारण शवों को निकालना बेहद मुश्किल हो गया। दमकल विभाग को बुलाया गया। क्रेन की मदद से कार को ट्रक से अलग किया गया और कटर मशीन से क्षतिग्रस्त हिस्से को काटा गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शव बाहर निकाले जा सके।

कार में फंसे घायल गिरिजा देवी, राजेश, राजेंद्र, अंजलि, रेशमा देवी और अंजलि के दो वर्षीय बेटे को पुलिस ने बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रक चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को नींद का झोंका आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में दो दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। गांव इस्लामपुर और दिल्ली स्थित परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article