फर्रुखाबाद: कमालगंज क्षेत्र के खुदागंज सिंघीरामपुर रोड पर संचालित देसी शराब (liquor) की दुकान पर उधार शराब न देने को लेकर युवक ने सेल्समैन (Salesman) पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सेल्समैन ने सूझबूझ दिखाते हुए पीछे हटकर अपनी जान बचा ली।
देसी शराब की दुकान पर सर्वेश कुमार सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह गांव का ही एक युवक दुकान पर पहुंचा और उससे उधार शराब देने की मांग करने लगा। जब सर्वेश कुमार ने उधार शराब देने से इनकार कर दिया तो युवक गुस्से में आ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया।
सेल्समैन के मुताबिक, हमले को देख वह तुरंत पीछे हट गए, जिससे चाकू का वार उन पर नहीं लग सका और वह बाल-बाल बच गए। घटना के दौरान दुकान के आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला, जिसके बाद आरोपी युवक वहां से भाग निकला।घटना की सूचना तत्काल पुलिस चौकी को दी गई।
सेल्समैन का कहना है कि सूचना मिलने पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी और पुलिस की ओर से चाकू बरामद करने का दावा भी किया गया। हालांकि अभी तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सर्वेश कुमार ने बताया कि उसने लिखित प्रार्थना पत्र देने के लिए चौकी पुलिस से संपर्क किया तो पुलिस ने दूसरे कार्य में व्यस्त होने की बात कहकर बाद में आने को कहा।


