मुख्यमंत्री के जापान दौरे, शंकराचार्य प्रकरण और भ्रष्टाचार पर साधा निशाना
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जनता की पीड़ा बढ़ रही है, वैसे-वैसे PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का आंदोलन भी तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जापान दौरे पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “सुना है कि चीफ मिनिस्टर बिष्ट साहब जापान जा रहे हैं। वस्त्र पहनने और कान छिदाने से कोई योगी नहीं होता।” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में पहली बार ऐसा हुआ है जब शंकराचार्य को स्नान करने से रोका गया। उन्होंने कहा कि अब सरकार एक कदम और आगे बढ़ गई है और इस प्रकार के “घटिया आरोप” लगवाए जा रहे हैं।
भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के आरोप
उन्होंने प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उनका कहना था, “पानी की टंकी भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पा रही हैं।” गोरखपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नाले में गिरने से एक बच्चे की जान चली गई, जबकि वहां पिछले 10 वर्षों से “गोरख धंधा” चल रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा, “100 विधायक लाइए, मुख्यमंत्री बन जाइए।” उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता घबराने वाले नहीं हैं। “हम समाजवादी लोग घबराने वाले नहीं हैं, सब सुरक्षा वापस भी ले लेंगे तो भी हम इनको सरकार से हटा देंगे,” उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “ये लोग कभी सफाई पसंद नहीं करते, गंदगी पसंद करते हैं, तभी तो कमल खिलेगा।”
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभा में शामिल लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सभी का धन्यवाद करते हैं। अखिलेश यादव के इन बयानों से प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के विदेशी दौरे और प्रदेश में कानून-व्यवस्था व विकास के मुद्दों को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच टकराव और तीखा हो सकता है।


