जम्मू| किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें संगठन का एक शीर्ष कमांडर मारे जाने की सूचना है। अधिकारियों के अनुसार यह एनकाउंटर उस समय शुरू हुआ जब सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में दो संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली और इसके आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना की 2 पैराशूट बटालियन (स्पेशल फोर्स) और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने संयुक्त रूप से छात्रू के घने जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ तेज हो गई। कार्रवाई के दौरान जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर मारा गया।
हालांकि, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार जारी ऑपरेशन के चलते मारे गए आतंकी का शव अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और अतिरिक्त बलों को भी मौके पर तैनात किया गया है ताकि अन्य संभावित आतंकियों की मौजूदगी को खत्म किया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और ऑपरेशन खत्म होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here