इटावा। प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। भरथना कोतवाली क्षेत्र के नगला बंधा गांव निवासी युवक मनीष यादव की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने अपनी महिला सिपाही बहन से चल रहे प्रेम संबंध से नाराज होकर दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को इकदिल थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया गया और मुख्य आरोपी जालंधर स्थित अपने बेस कैंप लौट गया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है, जबकि मुख्य आरोपी समेत दो अन्य की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार रात थाना इकदिल पुलिस को रेलवे ट्रैक के किनारे एक क्षत-विक्षत शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की तो शव की शिनाख्त मनीष यादव पुत्र निवासी नगला बंधा, कोतवाली भरथना के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि मनीष की गुमशुदगी 18 फरवरी को रात करीब 8:06 बजे भरथना थाने में दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने हत्या की आशंका को देखते हुए तीन टीमों का गठन कर जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और सर्विलांस की मदद से पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि मनीष का प्रेम संबंध इकदिल थाना क्षेत्र के केशोपुर कलां निवासी अभिषेक यादव की बहन से चल रहा था। बताया जा रहा है कि अभिषेक की बहन उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में रामपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। इसी बात से नाराज होकर अभिषेक ने अपने साथी विपिन यादव निवासी ग्राम मानिकपुर भीखन तथा दीपक निवासी केशोपुर कलां के साथ साजिश रची।
एसएसपी के अनुसार 18 फरवरी को आरोपियों ने मनीष को लिफ्ट देने के बहाने बुलाया और उसका अपहरण कर लिया। उसे संतोषपुर घाट के पास ले जाया गया, जहां दीपक के बयान के मुताबिक अभिषेक ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया गया ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो। इसके बाद मुख्य आरोपी अभिषेक यादव जालंधर स्थित अपने सीआरपीएफ बेस कैंप लौट गया, जहां वह इन दिनों प्रशिक्षण पर तैनात है।
पुलिस ने दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर मौत के सटीक कारणों की पुष्टि की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी और उसके अन्य साथी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी सीआरपीएफ जवान तथा उसकी बहन महिला सिपाही के विरुद्ध संबंधित विभागों को पत्र भेजकर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। प्रेम प्रसंग में हुई इस निर्मम हत्या ने कानून व्यवस्था और सामाजिक संबंधों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here