इटावा: इकदिल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे किनारे स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। अतिक्रमण हटाओ अभियान एसडीएम काव्या सी और सीओ सिटी अभय नारायण के नेतृत्व में चलाया गया।
प्रशासन को लंबे समय से हाईवे किनारे सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद संबंधित कब्जाधारकों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समयावधि में कब्जा न हटाए जाने पर शनिवार को राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। जेसीबी मशीनों की मदद से अस्थायी निर्माणों और टीनशेड आदि को हटाया गया।
इस दौरान तहसीलदार दिलीप कुमार (भरथना), विद्युत विभाग के एसडीओ प्रेमचंद, नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बच्चन सरोज सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल रही, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
अधिकारियों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अतिक्रमण से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा था, बल्कि हाईवे पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
एसडीएम काव्या सी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक और विभागीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। किसी भी स्तर पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अन्य स्थानों पर भी चिन्हित अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। अभियान के बाद हाईवे किनारे का क्षेत्र खाली कराया गया और प्रशासन ने संबंधित विभाग को भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


