एटा: आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बंदी (prisoner) की तबीयत बिगड़ने के बाद मेडिकल कॉलेज (medical college) ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की। करीब डेढ़ घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामे की स्थिति बनी रही, जिसके बाद प्रशासनिक आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बिजौरी निवासी जितेंद्र सिंह (53) हत्या के एक मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। उनके भाई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को परिवार के लोग जेल में मुलाकात कर लौटे थे। शनिवार को जानकारी मिली कि जितेंद्र सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई और सीने में तेज दर्द की शिकायत पर उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।
परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन की ओर से उन्हें समय पर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई। मृतक के बेटे संदीप ने रोते हुए बताया कि शुक्रवार शाम को उनकी पिता से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान उन्होंने जेल में किसी विवाद या झगड़े की बात कही थी। शनिवार को जब मौत की सूचना मिली, उस समय वह कासगंज में थे। यहां पहुंचने पर उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पिता का शव रखा देखा।
मृत्यु की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और हत्या की आशंका जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड और गजेंद्र सिंह चौहान भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हृदयाघात से मृत्यु का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। जेल प्रशासन से भी पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी गई है। मामले की जांच की जा रही है और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


