लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देते हुए 460 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की। इस सहायता से ढाई लाख से अधिक किसान और उनके परिवारजन लाभान्वित हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना की स्थिति में उन्हें आर्थिक संबल देना प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई है। यह राशि फसल नुकसान की भरपाई के लिए दी गई है, जिससे प्रभावित किसानों को दोबारा खेती शुरू करने में सहूलियत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 3500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। यह योजना किसानों या उनके परिवार के सदस्यों की दुर्घटना में मृत्यु या गंभीर चोट की स्थिति में आर्थिक मदद प्रदान करती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सशक्त बनाया गया है और आपदा की स्थिति में सबसे पहले “आपदा मित्र” ही राहत कार्य में जुटते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर उत्तर प्रदेश ने आपदा प्रबंधन अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 25 जिलों में एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र संगठन और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स सहित विभिन्न संगठनों के 29,772 युवा स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इन युवाओं को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार किया गया है, ताकि संकट की घड़ी में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार बदलने के बाद आपदा प्रबंधन और किसान हित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने दोहराया कि किसानों की सुरक्षा, आर्थिक स्थिरता और आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here