20.5 C
Lucknow
Friday, February 20, 2026

रेलवे लाइन किनारे मिला सिविल सर्विसेज अभ्यर्थी का क्षत-विक्षत शव, जमीन विवाद में हत्या

Must read

इटावा। भरथना क्षेत्र के नगला बंधा गांव निवासी 25 वर्षीय मनीष यादव की निर्मम हत्या से जनपद में सनसनी फैल गई है। सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे इस होनहार युवक का क्षत-विक्षत शव घर से करीब 15 किलोमीटर दूर इकदिल क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे प्लास्टिक की बोरी में लिपटा हुआ मिला। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

रेलवे लाइन किनारे मिला क्षत-विक्षत शव

शुक्रवार रात रेलवे कर्मियों ने इकदिल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक संदिग्ध प्लास्टिक की बोरी देखी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बोरी खोलने पर अंदर युवक का बुरी तरह क्षत-विक्षत शव मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था। सिर धड़ से अलग था, एक पैर कटा हुआ मिला, जबड़ा टूटा था और शरीर पर कई गहरे चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी भिजवाया।

गुमशुदगी के बाद परिजनों को बुलाया गया, शव देख भाई बेहोश

मनीष गुरुवार सुबह करीब 9 बजे कोचिंग के लिए घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मोबाइल फोन भी बंद मिला। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए भरथना थाने में सूचना दी थी। गुमशुदा लोगों की सूची से मिलान के बाद पुलिस ने शक के आधार पर परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया। पोस्टमॉर्टम हाउस में शव देखते ही बड़ा भाई अवनीश यादव चीख पड़ा और बेसुध होकर गिर गया। पिता राजवीर सिंह फूट-फूटकर रोने लगे। परिजन बदहवास हो गए और माहौल अत्यंत भावुक हो उठा।

जमीन विवाद में हत्या का आरोप, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मृतक के पिता राजवीर सिंह ने गांव की ही एक महिला सीमा यादव और उसके परिजनों पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आए दिन दोनों परिवारों में विवाद होता था।

पिता ने आरोप लगाया कि गुरुवार रात ही पुलिस को गुमशुदगी और अपहरण की आशंका की सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो शायद उनका बेटा जीवित होता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शव मिलने के बाद भी परिजनों को लगभग 10 घंटे तक सूचना नहीं दी गई।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव, हर एंगल से जांच

सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि रेलवे से सूचना मिलने के बाद रात करीब 10 बजे शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है।

होनहार छात्र था मनीष

मनीष परिवार में सबसे छोटा बेटा था। उसने बीएससी एग्रीकल्चर और बीएड की पढ़ाई की थी। हाल ही में उसने जूनियर असिस्टेंट की परीक्षा दी थी, जिसका परिणाम आना बाकी था। वह अपने बड़े भाई के साथ सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था। एक प्रतिभाशाली और मेहनती छात्र की इस तरह की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को शोक और आक्रोश में डाल दिया है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article