– डिप्टी सीएम, निवेश, ब्राह्मण समाज, किसान और वोटर लिस्ट के मुद्दों पर भाजपा को घेरा
रायबरेली/फतेहपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने रायबरेली और फतेहपुर (Rae Bareli to Fatehpur) के हुसैनगंज में आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन में उन्होंने कानून-व्यवस्था, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जापान दौरे, निवेश, बुलडोजर कार्रवाई, किसान हितों और वोटर लिस्ट के मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
रायबरेली में अखिलेश यादव ने कहा, “आखिरकार क्या वजह है कि दोनों डिप्टी सीएम मिलकर सजा नहीं दिला पा रहे हैं और वह सजा नहीं दिल पा रहे तो मुख्यमंत्री जी चले जाएंगे जापान।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में न्याय व्यवस्था को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।
जापान दौरे और निवेश पर तंज
फतेहपुर के हुसैनगंज में उन्होंने मुख्यमंत्री के जापान दौरे को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा, “किसी चापलूस को खुद घूमना है जापान… अब जब समय खत्म हो गया तो कौन सा इन्वेस्टमेंट लाने वाले हो।” उन्होंने सवाल उठाया कि कार्यकाल के अंतिम दौर में विदेशी दौरे से प्रदेश को क्या वास्तविक लाभ मिलेगा।अखिलेश यादव ने कहा, “यह सब भारतीय जनता पार्टी की लव स्टोरियां है, पहले ब्राह्मण समाज को अपमानित करने के लिए फिल्म बनाई है अब ये कर दिया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारे पूज्यनीय शंकराचार्य का अपमान किसी ने किया है तो यही जो नकली सनातनी है…” इस बयान के जरिए उन्होंने भाजपा पर धार्मिक आस्था के मुद्दों के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नई पीढ़ी (Gen Z) से घबराई हुई है। “बीजेपी घबराई हुई है Genz से इसलिए यह डिवीजन चाहते हैं, यह हमेशा डिवाइड एंड रूल की पॉलिटिक्स करते हैं।”
वोटर लिस्ट और SIR पर आरोप
उन्होंने आरोप लगाया, “बीजेपी जानबूझकर SIR करा रही है, आसान तरीका यह था कि आधार से ही वोटर लिस्ट बना लेते।” उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा, “हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि बुलडोजर से न्याय नहीं दे सकते हैं… न्याय देने का अधिकार कोर्ट का है, आप संविधान ही नहीं मानते हैं।” उन्होंने सरकार पर संवैधानिक मर्यादाओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
योगी और ‘योग’ पर टिप्पणी
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “माया में रहकर माया से दूर हो वही योगी है, वस्त्र पहनने से कान छिदाने से कोई योगी नहीं बन जाता।” किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “किसान भाइयों से यही अपील है कि बीजेपी को हटाओ नहीं तो अमेरिका से गेहूं, दूध, चावल सब ले आएंगे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसानों के हित में नहीं हैं।
इन बयानों के जरिए समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार और भाजपा पर सीधा हमला बोला है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। अब देखना होगा कि इन आरोपों पर भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।


