औरैया। जनपद के हरदू गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को रूबेला (खसरा) टीकाकरण अभियान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब टीका लगने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों ने दर्द और घबराहट की शिकायत की। स्थिति से घबराए कुछ बच्चे विद्यालय की बाउंड्रीवाल फांदकर सीधे घर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना पर स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार हरदू गांव के कंपोजिट विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर स्वास्थ्य उपकेंद्र की एएनएम सरस्वती, आशा कार्यकर्ता सुगंध, उपासना व नीलम द्वारा नियमित टीकाकरण अभियान के तहत बच्चों को रूबेला का टीका लगाया जा रहा था। इस दौरान करीब दो दर्जन बच्चों का टीकाकरण किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टीकाकरण के कुछ समय बाद लगभग आधा दर्जन बच्चों ने हाथ में तेज दर्द, चक्कर आने और घबराहट की शिकायत की।
बच्चों की हालत बिगड़ती देख विद्यालय स्टाफ में हड़कंप मच गया। कुछ बच्चे डर के कारण रोते हुए विद्यालय की दीवार फांदकर घर की ओर भाग निकले और परिजनों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को शांत कराया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल प्रभावित बच्चों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। एहतियातन पांच बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। अन्य बच्चों को भी निगरानी में रखा गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि टीकाकरण के बाद कुछ बच्चों में सामान्य प्रतिक्रिया के रूप में हल्का दर्द या घबराहट हो सकती है। फिलहाल पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और अभिभावकों से घबराने की अपील की गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्र में इस घटना के बाद टीकाकरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई थीं। विभागीय अधिकारी बच्चों की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की बात कही है।


