21 C
Lucknow
Wednesday, February 18, 2026

इंटरमीडिएट छात्र की करंट लगने से मौत, परीक्षा देने से पहले ही बुझा घर का इकलौता चिराग

Must read

 

 

औरैया। जनपद के बेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव याकूबपुर बस्ती में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में इंटरमीडिएट के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे को माता-पिता परीक्षा देने के लिए तैयार कर रहे थे, उसी की अर्थी शाम को घर से उठी।
गांव याकूबपुर बस्ती निवासी मजदूर कमलेश का 18 वर्षीय पुत्र रोशन लाल बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर पर नहाने की तैयारी कर रहा था। बताया गया है कि उसका उसी दिन इंटरमीडिएट का पहला पेपर था। वह कपड़े उतारकर हैंडपंप से पानी भर रहा था, तभी हैंडपंप में लगे मोटर में अचानक करंट उतर आया। मोटर में आई विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से रोशन गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
कुछ देर बाद जब उसके माता-पिता नरेगा कार्य से घर लौटे तो बेटे को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने बिना समय गंवाए उसे एक निजी वाहन से बेला स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जनपद कन्नौज स्थित डॉ. रामजी अम्बेडकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
देर शाम परिजन रोशन का शव लेकर गांव लौटे तो पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। पिता कमलेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ गांव में ही मनरेगा का काम करने गए थे। रोशन नहाकर परीक्षा केंद्र जाने की तैयारी कर रहा था। रोशन श्री शिव इंटर कॉलेज का इंटर का छात्र था। उसका परीक्षा केंद्र पास के गांव पुर्वा भग्गा स्थित श्री गांधी आदर्श इंटर कॉलेज में बना था। संयोग से जिस दिन उसका पहला पेपर था, उसी दिन यह हादसा हो गया।
इकलौते बेटे की असमय मौत से पिता का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने गुस्से में आकर घर का हैंडपंप तोड़ दिया। मृतक रोशन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बड़ी बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले ही कमजोर थी और अब इस हादसे ने उन्हें पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को है, लेकिन परिजन किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article